जालंधर में पटाखा मार्केट के लिए 22 कारोबारियों का निकला लक्की ड्रॉ, 410 ने किया था आवेदन!
EDITOR|Voice of Jalandhar
••3 व्यूज़•2 मिनट पढ़ें
पटाखा कारोबारियों की बढ़ी मुश्किलें, मार्केट तैयार करने के लिए कम बचा समय!
02,NOVMBER जालंधर: दीपावली से पहले जालंधर में पटाखा मार्केट को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। पठानकोट रोड स्थित गांव राओवाली में लगने वाली पटाखा मार्केट के लिए आज रेडक्रॉस भवन में लक्की ड्रॉ निकाला गया। इस दौरान करीब 410 कारोबारियों ने अस्थायी पटाखा दुकानें लगाने के लिए आवेदन किया था, जिनमें से 20 कारोबारियों का चयन किया गया। इसके अलावा 2 अतिरिक्त नाम भी ड्रॉ के जरिए निकाले गए।
एडीसी अमनिंदर कौर ने बताया कि अतिरिक्त ड्रॉ इसलिए निकाला गया है, ताकि चयनित 20 कारोबारियों में से किसी का लाइसेंस रद्द होने की स्थिति में इन दो कारोबारियों को मौका दिया जा सके। प्रशासन की ओर से चयनित कारोबारियों को लाइसेंस जारी कर दिए गए हैं। साथ ही सुरक्षा नियमों का पालन करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
प्रशासन ने प्रत्येक दुकान के बाहर रेत से भरी बाल्टियां, पानी की टंकियां और अग्निशमन से जुड़ी जरूरी सुविधाएं रखना अनिवार्य किया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।
वहीं पटाखा मार्केट के प्रधान विकास भंडारी ने कहा कि अभी तक मार्केट की दुकानें तैयार नहीं हो पाई हैं। उन्होंने बताया कि सरपंच की ओर से अदालत में याचिका दायर किए जाने के कारण करीब 6 दिन का समय बर्बाद हुआ था। हालांकि बाद में आपसी सहमति से समझौता हो गया और अदालत से केस वापस ले लिया गया।
विकास भंडारी ने कहा कि इस बार भी कारोबारियों के लिए खर्च की रिकवरी करना मुश्किल हो सकता है। उन्होंने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि पटाखा मार्केट के लिए जगह उपलब्ध करवाने में हर बार दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। पिछले साल करीब 3 एकड़ जमीन पर मार्केट लगाने के दौरान पार्किंग की समस्या आई थी, जिसके चलते इस बार करीब 13 एकड़ जमीन पर मार्केट लगाने की तैयारी की गई है।
अब दीपावली से पहले पटाखा मार्केट की दुकानें तैयार करने के लिए कारोबारियों के पास महज 3 से 4 दिन का समय बचा है। ऐसे में देखना होगा कि तय समय में मार्केट पूरी तरह तैयार हो पाती है या नहीं।