अमृतसर में सरपंच के बेटे की गोलियां मारकर हत्या, दोस्त घायल
EDITOR|Voice of Jalandhar
••8 व्यूज़•2 मिनट पढ़ें
माथा टेकने पहुंचे तीर्थ सिंह और उसके दोस्त पर ताबड़तोड़ फायरिंग; चार आरोपियों की पहचान, पुलिस को निजी रंजिश का शक
27, octber अमृतसर देहाती के गांव झीते कलां में गोलियां चलने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। माथा टेकने पहुंचे सरपंच के बेटे तीर्थ सिंह और उसके दोस्त रणजीत सिंह पर हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में तीर्थ सिंह की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त रणजीत सिंह गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में हत्या के पीछे निजी रंजिश की बात सामने आ रही है।
जानकारी के अनुसार, घटना शाम करीब साढ़े सात बजे की है। तीर्थ सिंह अपने दोस्त रणजीत सिंह के साथ माथा टेकने पहुंचा था। इसी दौरान गांव के कुछ व्यक्तियों ने कथित तौर पर दोनों पर गोलियां चला दीं। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने करीब सात से आठ राउंड फायर किए। तीर्थ सिंह को दो गोलियां लगीं, जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं, रणजीत सिंह की जांघ में गोली लगी है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है और पुलिस के अनुसार उसकी हालत खतरे से बाहर है।
इस मामले में पुलिस ने चार संदिग्ध आरोपियों की पहचान की है। इनमें गुरजंट, गोरा, हरकीरत उर्फ हाकी और गुरदित्त सिंह के नाम सामने आए हैं। आरोपियों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें छापेमारी कर रही हैं।
गौरतलब है कि मृतक तीर्थ सिंह का परिवार राजनीतिक पृष्ठभूमि से जुड़ा हुआ है। उसका भाई ब्लॉक समिति का सदस्य है, जबकि उसकी माता गांव की सरपंच हैं।
अमृतसर देहाती के एसएसपी कंवलप्रीत सिंह चहल ने बताया कि शुरुआती जांच में यह मामला गैंगवार का नहीं, बल्कि निजी रंजिश का लग रहा है। पुलिस आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास कर रही है।